इस अश्वत्थ वृक्ष का स्वरूप संसार में नहीं दिखायी देता क्योंकि इसका न आदि है न अन्त अर्थात कहाँ से प्रारम्भ हुआ । यही नहीं यह वृक्ष अच्छी प्रकार स्थित भी नहीं है, क्योंकि यह नाशवान है। इस वृक्ष की जड़ें बहुत ही गहराई तक गयी हैं। अज्ञान इस वृक्ष की जड़ है, जो इतनी प्रभावशाली है कि उसने अव्यक्त परब्रह्म को भी आच्छादित कर रक्खा है। ब्रह्म ज्ञान के होने पर ही, यह वृक्ष नष्ट होता है।
ऊर्ध्वमूल अश्वत्थ योग
अविनाशी अश्वत्थ यह नीचे शाखा ऊपर मूल
छंद इसके पर्ण हैं, जाने विज्ञ विभेद।। 1।।
श्री भगवान अर्जुन को सृष्टि का रहस्य बताते हुए कहते हैं; इस सृष्टि का जो मूल है वह परब्रह्म परमात्मा मूल से भी ऊपर है अर्थात जहाँ से सृष्टि जन्मी है परमात्मा उससे परे है और माया जिसे अज्ञान कहा है इस सृष्टि का मूल है। उस मूल से परे ब्रह्म से यह अश्वत्थ वृक्ष पैदा होता है। माया इस वृक्ष का मूल है, इस वृक्ष का फैलाव ऊपर से नीचे की ओर है। माया (अज्ञान) उस अव्यक्त (ज्ञान) को आच्छादित कर सुला देती है। फिर उस माया में अव्यक्त के बीज से माया का अंकुर फूटता है। परम शुद्ध ज्ञान को अज्ञान (माया) क्रमशः अधिक-अधिक आवृत्त करते जाता है। यही अश्वत्थ वृक्ष की ऊपर से नीचे की ओर फैलने की गति है। यह माया का वृक्ष भी अविनाशी है। वेद (छन्द) इसके पत्ते हैं अर्थात वेद भी माया के पार नहीं जा पाते हैं, अज्ञान से प्रभावित होने के कारण उनकी पहुंच सीमित है। जो मनुष्य इस अश्वत्थ वृक्ष को तत्व से जानता है वही यथार्थ ज्ञानी है.
अश्वत्थ
1- अव्यक्त
2-उत्तम पुरुष- परमात्मा –ब्रह्म .................................................................
ज्ञान शक्ति क्रिया शक्ति
3-अक्षर
ब्रह्म
ब्रह्म की अज्ञानमाय उपाधि (प्रकृति बीज रूप में स्थित ) यहाँ से
अश्वत्थ जन्म लेता है.
.................................................................
4-1 क्षर पुरुष –जीव<<<<<<<<<<>>>>>>>>>>>>> 2 प्रकृति (माया)
( जीव आता जाता, जन्म लेता और मरता दिखाई
देता है)
ज्ञान
शक्ति (क्रियाशील अवस्था ) ................... क्रिया शक्ति
5- माया (अपरा प्रकृति)
सत्..............रज
............... तम
आकाश वायु अग्नि जल
पृथ्वी
6-माया बद्ध जीव
अहंकार
बुद्धि
मन
शब्द....... स्पर्श... .. प्रभा ........ रस
.........गन्ध
आकाश वायु अग्नि जल
पृथ्वी
ज्ञानेन्द्रियां
वासना
कर्मेन्द्रियां
विषय
चेष्टा
कर्म
संसार-बन्धन
1- बंधन से मोक्ष
1-ईश्वर- (उत्तम पुरुष +माया आधीन )- जीव जब क्षर, अक्षर स्थिति को
पार कर जाता है , अश्वत्थ वृक्ष का विनाश हो जाता है ईश्वर प्रगट होता है. अपनी दिव्यताओं के साथ
चमकता है.
2-मोक्ष- जीव जब अक्षर ब्रह्म को प्राप्त कर लेता है.
त्रिगुण विषय कोपल शाखाएं, गहराई सब लोक
कर्म बन्धन की जड़ें, फैली चारों ओर ।। 2।।
इस अश्वत्थ वृक्ष को माया सत्त्व रज तम तीन गुणों से सींचती है। विषय भोग इसके कोपल हैं, चौरासी लाख योनियाँ इसकी शाखाएं हैं, जो ऊपर नीचे सभी जगह फैली हुयी हैं। कर्म बन्धन इस माया रूपी वृक्ष की जड़ हैं, यह जड़ें सभी ओर फैली हुयी हैं। इस अश्वत्थ वृक्ष को हम मानव देह में भी देख सकते हैं। ब्रह्मरंध्र में अव्यक्त परमात्मा का निवास है। इस अश्वत्थ वृक्ष का आज्ञा चक्र से लेकर मूलाधार तक तना है। आज्ञा चक्र से क्रमशः विशुद्ध, अनाहत, मणिपुर, स्वाधिष्ठान, मूलाधार में ज्ञान क्रमशः कम होता जाता है। अनाहत और उसके नीचे चक्रों में तीन गुणों का प्रभाव अधिक और अधिक हो जाता है। यहीं से माया मोह राग द्वेष का जन्म होता है। कर्म में प्रवृत्ति, कर्मफल आसक्ति का फैलाव शरीर में होता जाता है। इसे इस रूप में भी देख सकते हैं ज्ञान, माया (अज्ञान), बुद्धि, मन, शब्द, स्पर्श, प्रभा, रस, गन्ध, ज्ञानेन्द्रियाँ, वासना, कर्मेन्द्रियाँ, विषय, संसार, कर्मफल।
इसका रूप न प्राप्त यहां है, आदि अन्त स्थित नहीं
द्रढ़ मूल के अश्वत्थ को तू,वैराग्य शस्त्र से काट दे।। 3।।
इस अश्वत्थ वृक्ष का स्वरूप संसार में नहीं दिखायी देता क्योंकि इसका न आदि है न अन्त अर्थात कहाँ से प्रारम्भ हुआ, कहाँ इसका अन्त होगा कोई नहीं बता सकता। यही नहीं यह वृक्ष अच्छी प्रकार स्थित भी नहीं है, क्योंकि यह नाशवान है। इस वृक्ष की जड़ें बहुत ही गहराई तक गयी हैं। अज्ञान इस वृक्ष की जड़ है, जो इतनी प्रभावशाली है कि उसने अव्यक्त परब्रह्म को भी आच्छादित कर रक्खा है। इसको काटने का एक ही उपाय है कि वैराग्य रूपी शस्त्र मन में लेकर इस अज्ञान के विशाल अश्वत्थ वृक्ष पर ज्ञान की धार का प्रहार किया जाय। सतत् अभ्यास, वैराग्य द्वारा प्राप्त ब्रह्म ज्ञान के होने पर ही, यह वृक्ष नष्ट होता है।
जहाँ गए नहिं लौटते, भली भांति खोजे परम
जिससे फैली आदि वृत्ति,आदि पुरुष की शरणागती।। 4।।
वैराग्य से इस संसार रूपी वृक्ष को काटकर उस परम पद को भली प्रकार खोजना चाहिए। यह वह स्थिति है जिसे प्राप्त होकर इस वृक्ष के फल उस मनुष्य को ललचा नहीं सकते हैं। संसार चक्र से वे मुक्त हो जाते हैं। उस परब्रह्म परमात्मा से ही यह संसार की प्रवृत्ति का विस्तार हुआ है क्योंकि वह ब्रह्म इसकी उत्पत्ति मूल से ऊपर है, ‘उर्ध्व मूल’ है। ऐसे आदि परम परमात्मा में निरन्तर आत्मरत रहना चाहिए। उस आत्मतत्व में निमग्न पुरुष पूर्ण ज्ञान को उपलब्ध होकर उसी में स्थित हो जाता है।
रहित मान अरु मोह से, है स्थित अध्यात्म
काम नष्ट सुख-दुःख विमुक्त,नाश रहित पद प्राप्त।। 5।।
जिसका मान और मोह नष्ट हो गया है, जिस प्रकार प्रकाश होते ही अन्धकार नष्ट हो जाता है। जिसने आसक्ति रूपी दोष को जीत लिया है अर्थात कमलवत संसार में रहता है, ऐसा विकारहीन पुरुष जो सदा आत्म स्वरूप में स्थित रहता है; ऐसे आत्मरत ब्रह्म ज्ञानी, जिसकी सभी कामनायें नष्ट हो गयी हैं, भुने बीज के समान जिसमें कामना का अंकुर नहीं फूट सकता, सुख-दुःख द्वन्द्वों से मुक्त होकर परम स्थिति ‘अव्यक्त’ का अधिकारी होता है।
जिसे न भासित सूर्य कर, नहिं पावक नहिं चन्द्र
जहाँ गए नहि लौटते, परम धाम वह मम।। 6।।
मेरे परम स्थान (आत्म स्वरूप) को सूर्य चन्द्रमा और अग्नि प्रकाशित नहीं कर सकते हैं, क्योंकि वह स्थान शाश्वत और परम ज्ञान की स्थिति है। सूर्य, चन्द्रमा, अग्नि अथवा सृष्टि का प्रत्येक परमाणु उसी की सत्ता से संचालित होता है। उसी के कारण सृष्टि प्रकाशित और संचालित है। उस परम स्थान को प्राप्त कर मनुष्य पुनः अज्ञान को प्राप्त नहीं होता जहाँ अज्ञान का कोई अंश भी नहीं है, पूर्ण बोध स्वरूप जो स्थिति है, वह मेरा परम धाम है।
देह सनातन जीव ही जान अंश मम पार्थ
एक्य प्रकृति से होय जब, मन इन्द्रिय स्वीकार।। 7।।
इस देह में अविनाशी जीव मेरा ही अंश है। जब आत्मा इस देह को अपना मान आचरण करने लगता है तो परमतत्व आत्मा जीवत्व धारण कर लेता है। देह के प्रति अहंकार से आत्मा जीवात्मा हो जाती है। आत्मा प्रकृति से एकता पाकर उसके स्वभाव को स्वीकार कर लेती है, फिर मन और पांच इन्द्रियां मेरी हैं यह मानकर कर्म में प्रवृत्त होती हैं, मैं कर्ता हूँ, मैं भोक्ता हूँ का भाव उदय हो जाता है। फिर वह आत्मा अपना स्वरूप भूल कर जीवात्मा हो जाती है, उसका संग प्रकृति मन और पांच इन्द्रियों से हो जाता है तथा वह देह त्याग करते समय उन मन इन्द्रियों और प्रकृति को आकर्षित करता है।
एक जगह से दूसरी पवन गन्ध उड़ाई
तैसे देही मन सहित अपर देह उड़ जाई।। 8।।
देह त्याग करते समय इस देह का स्वामी जीवात्मा जब देह त्याग कर जाता है तो जिस प्रकार वायु गन्ध को एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाती है उसी प्रकार मन सहित इन्द्रियों को ले जाता है। देह त्याग के समय पांच इन्द्रियों की तन्मात्रायें गन्ध, रस, प्रभा, स्पर्श, शब्द; गन्ध-रस में समाहित हो जाती है फिर गन्ध-रस-प्रभा में,इस प्रकार सब शब्द में समाहित हो जाते हैं, शब्द स्वभाव में समाहित जाता है और स्वभाव के साथ जीवात्मा इस देह से अलग हो जाता है फिर जिस शरीर को धारण करता है वहाँ उस पूर्व देह के स्वभाव और शब्द, स्पर्श, प्रभा, रस, गन्ध को लेकर शरीर में स्थित हो जाता है।
ध्राण श्रोत्र रसना त्वचा, लिए चक्षु मन साथ
सब विषयों को भोगता आश्रय कर हे पार्थ ।। 9।।
यह जीवात्मा जहाँ भी जाता है अर्थात जन्म लेता है वहाँ मन और इन्द्रियों का विस्तार कर लेता है। वहाँ वह कान, आंख, त्वचा, रसना घ्राण, और मन के द्वारा विषयों को भोगता है।
स्थित भोगे अरु तजे तीन गुणों से युक्त
मूढ़ न जाने तत्व को ज्ञानवन्त ही जान।। 10।।
अज्ञानी पुरुष इस आत्मा को शरीर छोड़कर जाता हुआ, शरीर में जन्म लेता हुआ और भिन्न भिन्न विषयों को भोगता हुआ देखते हैं वे अविकारी आत्मा को जन्म लेने वाला और मरने वाला, भोगने वाला मानते हैं। जीव बुद्धि से आत्मा में जीव भाव आरोपित करते हैं परन्तु जिन्हें आत्म ज्ञान हो गया है वह आत्मा को अक्रिय मानते हैं चाहे शरीर में कर्ता, भोक्ता, आते जाते दिखायी देती है परन्तु वह सदा नित्य कूटस्थ है, अविकारी है.
जानत हैं इस देहि को, योगी जन उद्योग
अशुचि मूढ़ नहि देहि को, करते भी उद्योग।। 11।।
निरन्तर आत्मचिन्तन में लगे, स्वरूप की खोज में रत योगी इस अव्यक्त अविकारी अकर्ता आत्मा को स्वयं आत्म दर्शन कर तत्व से जानते हैं परन्तु जिनका अन्तःकरण शुद्ध नहीं है जिसमें देह बुद्धि है, जीव-भाव है, जो मूढ़ हैं, वह यत्न करने पर भी इस आत्मा को नहीं जानते।
भासित करता जगत को रवि स्थित जो तेज
चन्द्र अग्नि में तेज जो जान उसे मम तेज।। 12।।
सूर्य में जो तेज है, जिस कारण सूर्य लगातार अग्नि और प्रकाश स्वरूप है उसका कारण उसके अन्दर छिपी जीव शक्ति मैं ही हूँ। इसी प्रकार जो तेज चन्द्रमा में अग्नि में या अन्यत्र में है उसके पीछे तू मेरा ही तेज समझ। मेरी जीव शक्ति ही मेरी जड़ प्रकृति को आन्दोलित कर यह सब तेज प्रकट कर रही है।
धारण करता भूत में, भू प्रवेश निज ओज
रस स्वरूप शशि में बसे, सर्व औषधी पुष्ट।। 13।।
पृथ्वी की जो आधार भूत शक्ति है अर्थात जो धारण करने की शक्ति है वह मेरी परा शक्ति के कारण ही है। चन्द्रमा का जो सोम है जिसके कारण पृथ्वी की वनस्पति पुष्ट होती है उन सबके पीछे भी मैं ही छिपा हुआ हूँ अर्थात मेरी परा प्रकृति के कारण अपरा प्रकृति में उसके गुण प्रकट होने लगते हैं।
सब प्राणिन की देह में, वैश्वानर रह पार्थ
आश्रित कर मैं प्राण को, अन्न पचाता चार।। 14।।
मैं सभी प्राणियों के शरीर में वैश्वानर अग्नि के रूप में प्रज्वलित रहता हूँ। यहाँ प्राण और अपान वायु धौंकनी की तरह इस अग्नि को सुलगाते हैं। मैं इस अग्नि के द्वारा चारों प्रकार के अन्न (कच्चा, पका हुआ, अधपका, द्रव युक्त) को पचाता हूँ अर्थात प्राणियों के शरीर में वैश्वानर अग्नि मेरे कारण ही प्रज्वलित हैं।
सब भूतों के हृदय में अन्तर्यामी पैठ
ज्ञान अपोहन स्मृति मुझसे होते जान
मैं ही वैद्य सभी वेदों का,
वेदान्त वेद का कर्ता ज्ञाता ।। 15।।
मैं समस्त प्राणियों के हृदय में इस विचार का कारण हूँ कि ‘मैं अमुक हूँ’। मुझसे स्मृति ज्ञान और अपोहन होता है। स्मृति, का अर्थ है स्मरणशक्ति। यहाँ यह जानना महत्वपूर्ण है कि जो मनुष्य परमात्मा के जितने नजदीक है उसकी स्मरण शक्ति उतनी अधिक अच्छी होती है। ईश्वर कृपा अथवा उसकी नजदीकी को स्मरण शक्ति (याददाश्त) से जाना जा सकता है। मेरे कारण ही ज्ञान होता है क्योंकि मैं ही परम ज्ञान हूँ। मेरे द्वारा ही मूढ़ता, संशय नष्ट होते हैं। वेदों में जो कुछ जानने योग्य ज्ञान है वह मैं ही हूँ, मैं ही ज्ञान का कर्ता और ज्ञान को जानने वाला हूँ। ज्ञान मेरा ही स्वरूप है।
दो पुरुष इस लोक में, क्षर अक्षर हे पार्थ
सब भूतों का देह क्षर, देही अक्षर जान।। 16।।
इस संसार में दो प्रकार के पुरुष हैं एक क्षर अर्थात नाशवान दूसरा अक्षर अविनाशी। इनमें जो भूत हैं जो देह है जो जड़ प्रकृति है वह नाशवान पुरुष है। जो जीव है वह अविनाशी है।
उत्तम पुरुष तो अन्य है, कर प्रवेश त्रय लोक
कर्ता भर्ता अविनाशी वह ईश्वर है परमात्मा।। 17।।
इसमें भी अधिक आश्चर्य की बात यह कि इन क्षर अक्षर दो पुरुषों के अलावा एक तीसरा पुरुष भी है। यह पुरुष अत्यन्त श्रेष्ठ है और जब यह होता है तो दोनों पुरुषों के अस्तित्व को समाप्त कर देता है और सर्वत्र यही उत्तम पुरुष व्याप्त हो जाता है। जब द्रष्टा भाव और दृश्य का लोप हो जाता है तो यह पुरुषोत्तम ही रहता है। यह पुरुषोत्तम तीनों लोकों में अर्थात सृष्टि के कण कण में व्याप्त होकर सृष्टि को धारण किये है। यह उत्तम पुरुष ही परमात्मा अथवा विशुद्ध आत्मा है।
मैं अतीत हूँ क्षेत्र से और जीव से श्रेष्ठ
लोक वेद में इसलिए उत्तम पुरुष प्रसिद्ध।। 18।।
मैं (पुरुषोत्तम) आत्मा क्षर (नाशवान जड़ पदार्थ) जो माया का संसार है, से परे हूँ तथा दूसरे पुरुष जिसे अक्षर अर्थात अविनाशी जीवात्मा जाना जाता है, से भी श्रेष्ठ हूँ इसलिए संसार में और आत्मतत्व को जानने वाले ज्ञान में पुरुषोत्तम के नाम से जाना जाता हूँ।
जो ज्ञानी यह जानता मैं पुरुषोत्तम पार्थ
सर्वज्ञ नर सब भाव से, मुझे भजें दिन-रात।। 19।।
जो ज्ञानी पुरुष क्षर अक्षर को समझते हुए उनसे परे मुझ आत्मतत्व (पुरुषोत्तम) को भली प्रकार जानते है वह यथार्थ को जानने वाला है, सर्वज्ञ है। वह मुझ आत्मा को ही परम गति, परम स्थिति, परब्रह्म परमात्मा जान लेता है, उसकी समस्त साधना, ध्यान योग, सन्यास, यत्न, भक्ति, उपासना आदि सब मेरे लिए होती है। वह आत्म स्थित सदा मुझ परमेश्वर (आत्मतत्व) को ही भजता है अर्थात सदा आत्मरत रहता है।
परम गुह्य इस शास्त्र को कहा तोर हित पार्थ
जो नर जाने तत्व को, विज्ञ कृतार्थ हो जात।। 20।।
हे निष्पाप अर्जुन, मैंने अत्यन्त गोपनीय शास्त्र को तुझे बताया है, यह कोई कल्पना नहीं है, यह यथार्थ है और इसे जानना, समझना और अनुभूत करना हर एक के वश की बात भी नहीं है इसलिए यह गोपनीय है। परन्तु जो मनुष्य इस ज्ञान के तत्व को अर्थात आत्मतत्व को समझ जाता है उसका कल्याण हो जाता है।
.....................................
No comments:
Post a Comment